भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) में लंबे समय से चला आ रहा विवाद के थमने की उम्मीद है क्योंकि निवर्तमान अध्यक्ष अजय सिंह लगातार तीसरी बार महासंघ के प्रमुख चुने गए हैं। बीएफआई चुनाव का लंबे समय से इंतजार था और अजय सिंह ने गुरुवार को जसलाल प्रधान को हराकर अपनी कुर्सी बचाए रखी। कानूनी लड़ाई के बीच छह महीने से अधिक समय से स्थगित हुए ये चुनाव निर्वाचन अधिकारी राजेश टंडन और बीएफआई की अंतरिम समिति के प्रमुख सिंगापुर के फैरूज मोहम्मद की मौजूदगी में हुए जिन्हें विश्व मुक्केबाजी ने पर्यवेक्षक के तौर पर भेजा था।
प्रमोद कुमार बने महासचिव
विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष बोरिस वान डेर वोर्स्ट और महासचिव माइक मैकएटी चुनाव में पर्यवेक्षक होने थे लेकिन उन्होंने इसमें भाग नहीं लिया। खेल मंत्रालय और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भी कोई पर्यवेक्षक नहीं भेजा। अजय ने चुनाव 40-26 के अंतर से जीता। महासंघ के नए महासचिव उत्तर प्रदेश के प्रमोद कुमार होंगे जिन्होंने असम के हेमंता कलीता की जगह ली।
दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगा नतीजा
कलीता लगातार दो बार चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद चुनाव लड़ने से अयोग्य हो गए थे चूंकि पदाधिकारी को बीच में विश्राम की अवधि पूरी करनी होती है। तमिलनाडु के पोन भास्करन कोषाध्यक्ष चुने गए। चुनाव का नतीजा दिल्ली उच्च न्यायालय में चल रहे मामले के परिणाम पर निर्भर करेगा। कई प्रदेश ईकाइयों ने बीएफआई के दैनिक कामकाज का संचालन कर रही अंतरिम समिति द्वारा किए गए सांवैधानिक संशोधनों को चुनौती दी थी। चुनाव पहले 28 मार्च को होने थे लेकिन कई याचिकाओं, अपीलों और प्रति अपीलों के कारण स्थगित होते गए।