फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी खबर: अहमदाबाद में 2029 में होगी भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप, आईडब्ल्यूएफ का एलान

Sun, 25 Oct 2026 06:55 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • अहमदाबाद 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ ने चीन के निंग्बो में हुई कार्यकारी बोर्ड की बैठक में इसकी घोषणा की।
  • इसके साथ ही भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। वहीं, 2030 की चैंपियनशिप रूस की राजधानी मॉस्को में होगी।
  • अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी मिली है।
विज्ञापन
भारोत्तोलन (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Adobestock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात का अहमदाबाद शहर वर्ष 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने रविवार को चीन के निंग्बो में आयोजित कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस आयोजन के साथ ही भारत पहली बार सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
विज्ञापन


2029 और 2030 के मेजबान शहरों का चयन
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ ने अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में वर्ष 2029 और 2030 की सीनियर विश्व चैंपियनशिप के मेजबान शहरों का चयन किया। इसके तहत 2029 की प्रतियोगिता अहमदाबाद में आयोजित होगी, जबकि वर्ष 2030 की मेजबानी रूस की राजधानी मॉस्को को सौंपी गई है। इसके अलावा, बोर्ड ने वर्ष 2028 की विश्व युवा भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी कोसोवो की राजधानी प्रिश्टिना और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की मेजबानी वेनेजुएला की राजधानी काराकास को देने का फैसला किया।

भारत में पहली बार होगा आयोजन
अहमदाबाद को सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। आईडब्ल्यूएफ के महासचिव जोस क्विनोनेस ने कहा कि महासंघ को मिले सभी मेजबानी प्रस्ताव उत्कृष्ट थे और उन्हें विश्वास है कि संबंधित देशों में होने वाली प्रतियोगिताएं सफल रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोसोवो, वेनेजुएला और भारत पहली बार आईडब्ल्यूएफ की विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेंगे। यह इस बात का संकेत है कि भारोत्तोलन का खेल दुनिया भर में विस्तार कर रहा है और विभिन्न देशों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर रुचि बढ़ रही है।
विज्ञापन


अहमदाबाद में पहले से होंगे बड़े खेल आयोजन
अहमदाबाद को 2029 की भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी मिलने से अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर शहर की पहचान और मजबूत होगी। इससे पहले अहमदाबाद को वर्ष 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी सौंपी जा चुकी है। इसके अलावा, भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए भी प्रयास कर रहा है। ऐसे में अहमदाबाद में लगातार बड़े खेल आयोजनों की तैयारी और मेजबानी को भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

चार विश्व चैंपियनशिप के मेजबानों का एक साथ फैसला
आईडब्ल्यूएफ ने बताया कि आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के कैलेंडर को अधिक व्यवस्थित और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चार विश्व चैंपियनशिप के मेजबान देशों का चयन एक साथ किया गया है। इस फैसले से मेजबान देशों को प्रतियोगिताओं की तैयारियां समय रहते शुरू करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें