सार
ज्योति याराजी और प्रवीण चित्रवेल के एशियन गेम्स में चोटिल होकर अपने-अपने इवेंट से बाहर होने के बाद एएफआई निजी संस्थाओं और उनके कोचों से स्पष्टीकरण मांगेगा। दोनों को टूर्नामेंट से पहले फिटनेस मंजूरी मिली थी, जबकि इससे पहले वे चोट के कारण 10 सितंबर की इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में भी नहीं खेले थे।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलेटिक्स को शनिवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी ज्योति याराजी और प्रवीण चित्रवेल चोट के कारण अपने-अपने मुकाबलों से हट गए। दोनों खिलाड़ियों की चोट को लेकर अब एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) उन निजी संस्थाओं और कोचों से स्पष्टीकरण मांग सकता है, जिनके साथ दोनों फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे हैं। याराजी को महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ की हीट शुरू होने से पहले ही प्रतियोगिता से हटा दिया गया। वहीं, ट्रिपल जम्पर चित्रवेल अपने पहले प्रयास के बाद ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
वार्म-अप के दौरान याराजी को महसूस हुआ दर्द
बारिश से प्रभावित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में याराजी ने वार्म-अप के दौरान दर्द महसूस किया। इसके बाद उन्हें 100 मीटर बाधा दौड़ की पहली हीट में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई। एक अधिकारी ने कहा, 'उन्होंने पूरा वार्म-अप करने के बाद दर्द महसूस किया।' याराजी ने जुलाई 2025 में दाहिने घुटने में लगी एसीएल की चोट की सर्जरी कराई थी। इसके बाद उन्होंने इस साल वापसी की थी।
चित्रवेल पहले प्रयास के बाद बाहर
प्रवीण चित्रवेल भी ट्रिपल जंप स्पर्धा में अपना पहला प्रयास पूरा नहीं कर सके। वह प्रयास के बाद अपने पैर की पिंडली को पकड़ते हुए प्रतियोगिता क्षेत्र से बाहर आए। भारतीय टीम के एक कोच ने बताया, 'वह चोटिल हैं, इसी वजह से उन्होंने प्रतियोगिता छोड़ दी।' इसके बाद चित्रवेल को व्हीलचेयर पर स्टेडियम से बाहर ले जाया गया।
दोनों को आखिरी समय में मिली थी फिटनेस मंजूरी
याराजी और चित्रवेल दोनों को 75 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया था। उन्हें अंतिम समय में फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद एशियन गेम्स के लिए टीम में जगह दी गई थी। इससे पहले दोनों ने 10 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में हिस्सा नहीं लिया था। उस समय याराजी ने घुटने में स्ट्रेस और चित्रवेल ने पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव को चोट का कारण बताया था और दोनों ने इसे मामूली चोट बताया था।
निजी संस्थाओं और कोचों से मांगा जाएगा जवाब
समाचारी एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एएफआई अब दोनों खिलाड़ियों की चोट से जुड़े मामलों पर उन निजी संस्थाओं और उनके कोचों से जवाब मांगने की तैयारी में है, जहां दोनों वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे हैं। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, 'एएफआई निश्चित रूप से उन निजी संस्थाओं और उनके कोचों से चोट से जुड़े मामलों पर जवाब मांगेगा, जहां दोनों फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे हैं।' याराजी ने पिछले एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था, जबकि चित्रवेल ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। ऐसे में दोनों का प्रतियोगिता से बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स अभियान के लिए अहम नुकसान माना जा रहा है।