अभिनव बिंद्रा सहित भारत के शीर्ष निशानेबाजों ने अमेरिका के फोर्ट बेनिंग में होने वाले विश्व कप के लिए अच्छा पूर्वाभ्यास करते जर्मनी के हैनोवर में हुई चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक और दो कांस्य पदक हासिल किए।
चैंपियनशिप में दुनिया भर के एक हजार से ज्यादा निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। बीजिंग ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने अपनी पसंदीदा 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।
युवा निशानेबाज चैन सिंह ने दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में बिंद्रा और गगन नारंग के साथ स्वर्ण पदक तो जीता ही साथ ही 50 मीटर राइफल प्रोन में भी पीला तमगा हासिल किया। गगन नारंग ने पचास मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीता।
वहीं, महिला वर्ग में हाल में कोरिया में ओलंपिक कोटा दिलाने वाली राइफल शूटर अपूर्वी चंदेला ने कांस्य पदक जीता।
भारतीय निशानेबाज अगले महीने फोर्ट बेनिंग में होने वाले राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे और रियो ओलंपिक के लिए ज्यादा से ज्यादा कोटा स्थान हासिल करने की कोशिश करेंगे।