फुटबॉल के मक्का के नाम से मशहूर कोलकाता में बुधवार को 134वां डूरंड कप का आगाज हुआ। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मैच का उद्गाटन किया। उद्घाटन मैच ईस्ट बंगाल एफसी और साउथ यूनाइडेट एफसी के बीच जारी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'डूरंड कप फुटबॉल के सबसे पुराने टूर्नामेंटों में से एक है, जिसकी शुरुआत 1888 में हुई थी। खासकर क्योंकि इसकी शुरुआत बंगाल से हुई थी और इस बार बंगाल की चार टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं—हमें गर्व है।'
ममता बनर्जी
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने दोहराया कि डूरंड कप सबसे पुराने टूर्नामेंटों में से एक है। इसकी शुरुआत 1888 में हुई थी, और इस बार बंगाल की चार टीमें इसमें खेल रही हैं। हमें गर्व है। आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और भी भव्य होगा। उल्लेखनीय है कि 134वें संस्करण के इस टूर्नामेंट में कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), आई-लीग की टीमें, सशस्त्र बलों की टीमें और मलेशिया व नेपाल की आर्मी टीमें शामिल हैं। इस बार पांच राज्यों में ये मुकाबले होंगे, जिनमें कोलकाता, कोकराझार, इंफाल, शिलांग, और जमशेदपुर के छह स्टेडियमों में खेले जाएंगे।