फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Football: डूरंड कप में चमके 11 युवा खिलाड़ी, सभी को मिलेगा इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड; एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार

Wed, 19 Aug 2026 05:53 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

डूरंड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले 11 युवा फुटबॉलरों को इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। सभी विजेताओं को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी, जिसमें टूर्नामेंट के सभी छह ग्रुप से खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
विज्ञापन
फुटबॉल (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Adobestock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डूरंड कप के मौजूदा संस्करण में शानदार प्रदर्शन करने वाले 11 युवा फुटबॉलरों को इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट सोसाइटी ने टूर्नामेंट के सभी छह ग्रुप से उभरती प्रतिभाओं को पहचानते हुए इन खिलाड़ियों के नामों का ऐलान किया है। प्रत्येक विजेता को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इन खिलाड़ियों में समलेश्वरी स्पोर्टिंग के वीर अर्जुन जोशी का प्रदर्शन खास तौर पर उल्लेखनीय रहा। 19 वर्षीय इस डेब्यूटेंट ने मोहम्मडन स्पोर्टिंग के खिलाफ मुकाबले में 81वें मिनट में शानदार फ्री-किक गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 से जीत दिलाई।
विज्ञापन

ग्रुप ए से दो खिलाड़ियों को सम्मान
ग्रुप ए में साउथ यूनाइटेड एफसी के दो खिलाड़ियों एमडी अल्ताब हुसैन और रिनशिद वी को इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड के लिए चुना गया है। मणिपुर के 19 वर्षीय स्ट्राइकर अल्ताब ने अपनी तेज रनिंग और आक्रामक खेल से प्रभावित किया। वहीं, मिडफील्डर रिनशिद ने क्षेत्रीय ट्रायल के जरिए क्लब में जगह बनाने के बाद अनुभवी खिलाड़ियों के खिलाफ भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

ग्रुप बी में वीर अर्जुन और सैखोम बोरिश सिंह
ग्रुप बी से इंडियन आर्मी एफटी के सैखोम बोरिश सिंह और समलेश्वरी स्पोर्टिंग के वीर अर्जुन जोशी को चुना गया है। बोरिश ने अपने आक्रामक खेल, तेज ड्रिब्लिंग और लगातार डिफेंडरों को चुनौती देने की क्षमता से प्रभावित किया। वीर अर्जुन ने मोहम्मडन स्पोर्टिंग के खिलाफ फ्री-किक से किया गया गोल उनके टूर्नामेंट के सबसे यादगार पलों में शामिल रहा।

ग्रुप सी में एयर फोर्स के दो खिलाड़ी
ग्रुप सी से इंडियन एयर फोर्स एफटी के सैमुअल के. वनलालपेका और नोरेम सोमनंदा सिंह को सम्मान मिलेगा। वनलालपेका ने एससी दिल्ली के खिलाफ गोल किया, जबकि सोमनंदा ने श्रीलंकाई आर्म्ड फोर्सेज की टीम डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ गोल दागकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

ग्रुप डी से सिर्फ मिडुल डोले
ग्रुप डी से एफसी राएंगदाई के मिडुल डोले इमर्जिंग प्लेयर चुने गए हैं। डूरंड कप में पदार्पण करने वाली उनकी टीम के लिए डोले ने लगातार आक्रमण का विकल्प उपलब्ध कराया और अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।

ग्रुप ई के दो खिलाड़ियों को पुरस्कार
ग्रुप ई से लैंग्सनिंग एफसी के किर्मेनशेम मुखिम और नोंगकेश एसएस एंड सीसी के डावांचा कार्लोस चाल्लम को चुना गया है। फॉरवर्ड किर्मेनशेम ने ग्रुप चरण में दो गोल किए और लगातार विपक्षी डिफेंस पर दबाव बनाते हुए मौके तैयार किए। वहीं, मिडफील्डर डावांचा कार्लोस ने दो गोल और एक असिस्ट के साथ टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मैदान के दोनों छोर पर योगदान दिया।

ग्रुप एफ में रितुराज मोहन और लालपेख्लुआ लालपेख्लुआ
ग्रुप एफ से बोडोलैंड एफसी के रितुराज मोहन और कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी के लालपेख्लुआ लालपेख्लुआ को पुरस्कार के लिए चुना गया है। रितुराज ने अपनी मेहनत, रक्षात्मक अनुशासन और जरूरत पड़ने पर आक्रमण में योगदान से प्रभावित किया। वहीं, लालपेख्लुआ ने अपनी गति का शानदार इस्तेमाल करते हुए विपक्षी डिफेंस को परेशान किया और अपनी टीम के लिए मौके बनाए।

देश के अलग-अलग हिस्सों की प्रतिभाओं को पहचान
डूरंड कप में दिए जा रहे इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से उभर रही युवा फुटबॉल प्रतिभाओं को पहचान देना है। साथ ही, इस पुरस्कार के जरिए उन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिन्होंने स्थापित टीमों और पेशेवर खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को साबित करने के लिए डूरंड कप के मंच का इस्तेमाल किया।
विज्ञापन

इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ी
  • ग्रुप ए: एमडी अल्ताब हुसैन (साउथ यूनाइटेड एफसी), रिनशिद वी (साउथ यूनाइटेड एफसी)
  • ग्रुप बी: सैखोम बोरिश सिंह (इंडियन आर्मी एफटी), वीर अर्जुन जोशी (समलेश्वरी स्पोर्टिंग)
  • ग्रुप सी: सैमुअल के. वनलालपेका (इंडियन एयर फोर्स एफटी), नोरेम सोमनंदा सिंह (इंडियन एयर फोर्स एफटी)
  • ग्रुप डी: मिडुल डोले (एफसी राएंगदाई)
  • ग्रुप ई: किर्मेनशेम मुखिम (लैंग्सनिंग एफसी), डावांचा कार्लोस चाल्लम (नोंगकेश एसएस एंड सीसी)
  • ग्रुप एफ: रितुराज मोहन (बोडोलैंड एफसी), लालपेख्लुआ लालपेख्लुआ (कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें