दुनिया की सबसे तेज 25 किलोमीटर रोड रेसों में शामिल 10वें टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को होने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय दौड़ में देश और दुनिया के धावक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस ऐतिहासिक संस्करण में 23 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन भारतीय लंबी दूरी दौड़ के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है।
इस बार भारतीय एलीट के साथ केन्या, इथियोपिया, जापान और यूरोप के चुनिंदा देशों से आए अनुभवी अंतरराष्ट्रीय धावक भी स्टार्ट लाइन पर नजर आएंगे, जिससे रेस की प्रतिस्पर्धा और तेज होने की उम्मीद है। विदेशी धावकों की मौजूदगी से भारतीय एथलीटों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा। यह प्रतियोगिता दुनिया की पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल 25के रोड रेस है और इस बार इसमें 1.42 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल पुरस्कार राशि रखी गई है। पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को समान पुरस्कार दिया जाएगा। शीर्ष तीन धावकों को क्रमश 3 लाख, 2.5 लाख और 2 लाख रुपए मिलेंगे, जबकि इवेंट रिकॉर्ड तोड़ने पर 1 लाख रुपए का अतिरिक्त बोनस भी दिया जाएगा।
भारतीय एलीट पुरुष वर्ग खिताब बचाने उतरेंगे गुलवीर
भारतीय एलीट वर्ग में मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। पुरुष वर्ग में भारत के 10,000 मीटर और 5,000 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तथा मौजूदा चैंपियन गुलवीर सिंह एक बार फिर खिताब बचाने उतरेंगे। उन्होंने कहा कि उन पर कोई दबाव नहीं है और उनका लक्ष्य खुद को बेहतर बनाते हुए देश के लिए पदक जीतना है। उनके सामने कड़ी चुनौती पेश करेंगे 2023 के विजेता और कई बार के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सावन बरवाल, जिन्होंने कहा कि सड़क दौड़ उन्हें अपनी सीमाओं को समझने और मजबूती बढ़ाने का मौका देती है।
भारतीय एलीट महिला वर्ग में संजीवनी को मिल सकती है कड़ी टक्कर
महिला वर्ग में भी मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने वाला है। दो बार की चैंपियन और मौजूदा विजेता संजिवनी जाधव एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार हैं। संजिवनी ने कहा कि चैंपियन के रूप में लौटना उनके लिए दबाव नहीं, बल्कि प्रेरणा है और उनका लक्ष्य इस बार इवेंट रिकॉर्ड बनाना है। उन्हें कड़ी चुनौती देंगी सीमा, जो 2025 वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन की भारतीय एलीट विजेता रही हैं। सीमा ने कहा कि अनुभवी धावकों के साथ प्रतिस्पर्धा उनके लिए सीखने का बड़ा अवसर है।
इस संस्करण में भारतीय एलीट वर्ग में कई नए चेहरे भी अपनी शुरुआत कर रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोचक बन गई है। राष्ट्रीय चैंपियन, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता, अनुभवी धावक और नवोदित प्रतिभाएं—सभी एक ही मंच पर नजर आएंगे। 10वां टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि यह भारत को वैश्विक दूरी दौड़ के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।