क्या आप अपने बालों के गिरने से परेशान हैं? बालों को गिरने से रोकने के लिए बहुत जरूरी है कि आप तनाव मुक्त रहें और रक्त का संचार आपके बालों की जड़ तक हो। अगर आप अपनी जीवनशैली में थोड़ा बदलाव करें तो कुछ योगासनों की मदद से आप अपनी इस समस्या से निजात पा सकते हैं।
आनुवांशिक तौर पर बाल झड़ने की समस्या का हल तो मुश्किल है लेकिन आपकी जीवनशैली संबंधित समस्याओं की वजह से बाल झड़ रहे हैं तो ये आसन आपके लिए मददगार हो सकते हैं।
वज्रासन
बाल झड़ने से रोकने के लिए यह एक प्रभावी आसन है। इससे पाचन सही रहता है और शरीर का रक्त संचार ठीक रहता है। इसे करने के लिए पंजों के बल बैठ जाएं और शरीर का भार अपनी एड़ियों पर छोड़ दें। दोनों हथेलियों को अपनी जांघों पर रखें और कमर सीधी रखें। गहरी सांस लें। इस अवस्था में तीन मिनट तक रोज बैठें।
अधोमुख श्वानासन
इस आसन से तनाव से मुक्ति मिलती है और तनाव के कारण बाल झड़ने की समस्या को रोकने में आसानी होती है। घुटनों के बल खड़े हों और फिर हाथों को जमीन पर रखें। अब हाथों पर शरीर का सारा जोर देते हुए पैरों को V आकार में फैलाएं। रीढ़ की हड्डी सीधी रखते हुए शरीर के ऊपरी हिस्से को ऊपर की ओर खींचें। एक मिनट तक इसी अवस्था में रहने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
भुजंगासन
आयुर्वेद में पित्त की समस्या को भी बाल झड़ने का एक महत्वपूर्ण कारण माना गया है। पित्त से निजात पाने के लिए भुजंगासन बहुत मददगार है। भुजंगासन के लिए पेट के बल लेट जाएं और दोनों हथेलियों को एपने कंधों के समानांतर रखें। अब हथेलियों पर बल देते हुए शरीर के ऊपरी हिस्से को ऊपर उठाएं और 30 सेकंड तक इसी अवस्था में रहें। फिर सामान्य अवस्था में आ जाएं।
इसके अलावा शीर्षासन व उत्तानासन भी इस समस्या से निजात दिलाने में सहायक हैं। इन्हें करने से रक्त का संचार बढ़ जाता है और बालों को मजबूती मिलती है।