कई बार हम स्मोकिंग छोड़ने की कोशिश तो बहुत करते हैं लेकिन अक्सर हमारी इच्छाशक्ति जवाब दे जाती है और कुछ समय बाद हम वापस धूम्रपान शुरू कर ही देते हैं। इससे छुटकारे के लिए चिकित्सकय परामर्श का जितना महत्व है, उतना ही फायदेमंद योग भी है। ऐसे कई योगासन हैं जिन्हें नियमित रूप से करके आप धूम्रपान से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।
प्राणायाम
धूम्रपान छोड़ने में सबसे मददगार है प्राणायाम। इसके लिए सबसे पहले ध्यान की मुद्रा में सीधे बैठ जाएं। अपने दोनों हाथों को पेट पर रखें और लंबी सांस खींचकर छोड़ें। प्रतिदिन करीब 15 मिनट तक यह अभ्यास रोज करें।
धनुरासन
इस योगासन में शरीर का आकार धनुष जैसा हो जाता है इसलिए इसे धनुरासन कहते हैं। पेट के बल सीधे लेट जाएं। घुटने मोड़ें और एड़ी को हाथ से पकड़ने का प्रयास करें। इस स्थिति में छाती के भाग का खिंचाव होगा। लंबी सांस लें और छोड़ें। इसे स्मोकिंग की इच्छा घटने लगेगी।
उष्ट्रासन
उष्ट्रासन में शरीर का आकार ऊंट के समान हो जाता है। प्रतिदिन इस आसन के अभ्यास से धूम्रपान की इच्छा खत्म हो जाती है। इसके लिए सबसे पहले वज्रासन की स्थिति में बैठ जाएं और फिर घुटनों के बल खड़े हों।
अब दोनों हाथों को ऊपर ले जाएं। इस स्थिति में सिर हाथों के मध्य में होना चाहिए। अब धीरे-धीरे हाथों को पीछे ले जाते हुए एड़ी छूने का प्रयास करें। सिर और गर्दन को पीछे की ओर जितना झुका सकें उतना झुकाएं। वापस दोनों हाथों को घुमाते हुए सामान्य स्थिति में आ जाएं।
ध्यान
मन की शांति के लिए ध्यान जहां धूम्रपान छोड़ते वक्त आपको मानसिक शांति देगा वहीं इससे आपकी इच्छाशक्ति मजबूत होगी। प्रतिदिन 30 से 45 मिनट तक ध्यान की मुद्रा से शरीर तनावमुक्त रहेगा। इसके लिए ध्यान की मुद्रा में बैठकर गहरी सांस लें और छोड़ें। धूम्रपान छोड़ने के लिए यह मुद्रा बेहद आसान और लाभदायक है।