Telugu Hanuman Jayanti 2020: 17 मई, रविवार को भारत के दक्षिण राज्य आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हनुमान जयंती का पर्व मनाया जा रहा है। आस्था और देश काल परिस्थिति के अनुसार, भारत में हनुमान जयंती पर्व की तिथि अलग-अलग हैं। हालांकि इनमें ज्यादातर लोग चैत्र पूर्णिमा तिथि के दिन हनुमान जयंती पर्व मनाते हैं, जो तिथि गुजर चुकी है।
उत्तर भारत में जहां हनुमान जयंती का पर्व 8 अप्रैल को मनाया गया था वहीं भारत के दक्षिण राज्य तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हनुमान जयंती का पर्व 17 मई को मनाया जा रहा है। इस पर्व को यहां तेलगु हनुमान जयंती के नाम से जाना जाता है। तेलगु कैलेंडर के अनुसार, भगवान श्रीराम के सबसे बड़े भक्त हनुमान जी का जन्म वैशाख माह (अमान्त माह के अनुसार) में कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि के दिन हुआ था।
तेलगु हनुमान जयंती का समय
हिन्दू पंचांग के अनुसार, दशमी तिथि का प्रारंभ 16 मई 2020 को सुबह 10 बजकर 22 मिनट से चुका है और इसका समापन आज दोपहर 12:43 बजे (17 मई 2020) को होगा।
हनुमानजी जन्म कथा
हनुमान जी के जन्म के बारे में कई कथाएं प्रचलित है इन्हीं में एक कथा के अनुसार एक बार राजा दशरथ पुत्र की प्राप्ति की कामना के साथ पुत्रेष्टि हवन कर रहे थे। हवन की प्रक्रिया के बाद कुलगुरु ने राजा दशरथ की तीनों रानियों को प्रसाद के रूप में खीर दिया। जिसे तीनों रानियों में आपस में वितरित कर दी गई। तभी कहीं से एक कौआ आया और खीर का हिस्सा अपने साथ लेकर उड गया। जंगल में एक जगह अंजनी मां तपस्या में लीन थी। तपस्या के बाद उस खीर को माता अंजनी ने भगवान शिवजी का प्रसाद समझ कर ग्रहण कर लिया। मान्यता है कि इसी प्रसाद की वजह से भगवान हनुमान का जन्म हुआ।