आज नवरात्र का आठवां दिन है। इसलिए आज नौ दुर्गा के अष्टम रुप मां गौरी की पूजा होगी। लेकिन अष्टमी तिथि के साथ नवमी तिथि भी आज ही है इसलिए मां के नवम रुप सिद्घिदात्री की पूजा भी आज ही होगी। इसलिए नवरात्र का यह दिन बड़ा ही महत्वपूर्ण है।
मां के आठवें रुप गौरी के विषय में ऐसी कथा है कि भगवान शिव को पति के रुप में पाने के लिए तपस्या करते हुए पार्वती का रंग सांवला हो गया था। एक बार भगवान शिव ने देवी पार्वती का काली कहकर उपहास किया।
देवी पार्वती इससे बहुत दुःखी हुई और भगवान शिव से कहा कि आपने मुझे काली कहा है, मैं आपको गोरी होकर दिखाऊंगी। गौर वर्ण पाने के लिए माता पार्वती तप करने वन में चली गई।