Mauni Amavasya 2022: हिंदू पंचांग के अनुसार माघ महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है।
- फोटो : अमर उजाला
Mauni Amavasya 2022: आज मौनी अमावस्या का व्रत और स्नान किया जा रहा है। माघ महीने की अमावस्या तिथि को मौनी अमावस्या के नाम से जाना जाता है। हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष महत्व होता है। अमावस्या तिथि पर दान, स्नान और पूजा-पाठ करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। हिंदू पंचांग के अनुसार माघ महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है। माघ अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। मौनी अमावस्या के दिन कई तरह के प्रयोग किए जाते हैं जिनसे जीवन की विभिन्न समस्याओं का समाधान होता है। आइए जानते हैं मौनी अमावस्या के दिन श्रद्धालु कौन से उपाय करके सुख समृद्धि प्राप्त कर सकते हैं।
- मौनी अमावस्या के दिन सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नानादि से निवृत हो जाएं और ठीक सूर्योदय के समय सूर्यदेव को ताजे जल से अर्घ्य दें। इससे दरिद्रता दूर होती है और धन का आगमन बढ़ता है।
- जिन लोगों की जन्मकुंडली में चंद्रमा कमजोर होता है। वे मौनी अमावस्या के दिन गाय को दही और चावल खिलाएं। इससे मानसिक शांति प्राप्त होने के साथ चंद्र से जुड़े दोष समाप्त होते हैं।
- मौनी अमावस्या के दिन चांदी के नाग-नागिन की पूजा करें और सफेद पुष्पों के साथ इसे बहते जल में प्रवाहित करने से कालसर्प दोष, सर्प दोष आदि से मुक्ति मिलती है।
- मौनी अमावस्या के दिन थोड़े से चावल को केसर से रंगकर दिव्य या दक्षिण मुखी शंख में डालें। घी का दीपक जलाकर कमलगट्टे की माला से महालक्ष्मी के मंत्र ॐ श्रीं का 11 माला जाप करें। मान्यता है कि महालक्ष्मी के इस जाप से धन के भंडार भर जाते हैं।
- मौनी अमावस्या के दिन महामृत्युंजय मंत्र 1008 बार जाप करते हुए भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक करें। इससे आर्थिक संकटों से मुक्ति मिलेगी।
- यदि आपकी जन्मकुंडली में कालसर्प दोष बना हुआ है या पितृ दोष है तो मौनी अमावस्या के दिन किसी पवित्र नदी के किनारे पितरों के निमित्त तर्पण, पिंडदान करें। ऐसा करने से दोष शांत होंगे।