अतिक्रमण हटवाते चौकी प्रभारी व मेला व्यवस्थापक।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। रविवार को आषाढ़ी पूर्णिमा पर हजारों लोग गंगा स्नान करेंगे। गंगा स्नान करने के लिए आने वालों की सहूलियत के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। बंधों पर अतिक्रमण को सख्ती से हटवाया गया।
शनिवार शाम को पूर्णिमा स्नान के बाद सावन मेले की तैयारियोें के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर ने पुुलिस के साथ अतिक्रमण हटवाया। डीएम ने पूर्वी बंधे पर सड़क किनारे बनी झोपड़ियों को हटवाकर वहां कांवर लेकर आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए 20 अस्थाई शौचालय बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मेला रामनगरिया समिति के पदाधिकारी ही सावन मेले में कांवरियों की सुविधाओं के उपाय करेंगे। इसके लिए बंधे से गंगा घाट तकजनरेटर लगाकर रोशनी व साउंड की व्यवस्था करवाई जाएगी। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने बताया कि बंधे के पूर्वी और उत्तरी ओर फैले अतिक्रमण को सख्ती से हटवाया जाएगा। एसडीएम सदर रमेश सिंह ने बताया कि क्यूआरटी टीम के साथ की पांचाल घाट चौकी प्रभारी अतिक्रमण करने वालों का सामान हटाकर जप्त कर लेंगे। दोबारा अतिक्रमण करने वालों का चालान किया जाएगा। गंगा स्नान करने के लिए फर्रुखाबाद, कन्नौज समेत आसपास कई जिलों के लोग पहुंचेंगे।
सुरक्षा के रहेंगे तगड़े इंतजाम
एसपी दयानंद मिश्रा का कहना है कि गंगा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ ही पुलिस बल नजर रखेगा। किसी ने गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। भारी वाहनों का रास्ता बदलकर जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
कई घाटों पर नहीं की गई बैरीकेडिंग
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर रविवार को स्नान करने के लिए भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में नहाते वक्त लोगों को गहराई में जाने से रोकने के लिए बैरीकेडिंग भी कई घाटों पर नहीं कराई गई। इससे श्रद्धालुओं में नाराजगी भी दिखी। उधर एसडीएम सदर रमेश चंद्र का कहना है कि खतरेवाले स्थानों पर बैरीकेडिंग कराई गई है। शनिवार को पूरे दिन व रात तैयारियां की गई हैं। गोताखोरों को टीम भी अलर्ट कर दी गई है। उन्होंने खुद मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया है।