हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस वर्ष धनतेरस का त्योहार 13 नवंबर को मनाया जाएगा। कथाओं के अनुसार समुद्र मंथन के समय इस दिन धनवंतरी भगवान अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। माना जाता है कि इस दिन जो भी सामान खरीदते हैं उसमें तेरह गुना वृद्धि होती है। धनतेरस पर नए बर्तन और नया सामान खरीदने की परंपरा है। इस दिन धनवंतरी भगवान के साथ मां लक्ष्मी और कुबेर का पूजन किया जाता है, लेकिन क्या आपको पता है कि इस दिन यम के नाम का दीपक भी जलाया जाता है। वैसे तो नरकचतुर्दशी के दिन यम का दीप जलाते हैं किंतु त्रयोदशी के दिन भी यम का दीप जलाने का महत्व माना गया है। मान्यता है कि धनतेरस पर यम के नाम का दीपक प्रज्वलित करने से पूरे परिवार पर अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता है। इसका जिक्र पुराणों में भी मिलता है साथ ही इस संबंध में एक पौराणिक कथा भी मिलती है। जानते हैं कि धनतेरस पर यम के नाम का दिया क्यों जलाया जाता है।