कल यानी 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि कल प्रभु श्रीराम अपने भव्य महल में विराजमान होंगे। इस दिन अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। ऐसे में रामलला के आने की खुशी और उत्साह हर जगह दिखाई दे रहा है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देशभर से कई दिग्गजों को न्योता भेजा जा रहा है। इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा समारोह में काशी के डोमराजा के परिवार समेत विभिन्न वर्गों से पंद्रह यजमान सपत्नीक शामिल होंगे। ऐसे में चलिए जानते हैं रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम शामिल होने वाले यजमान की लिस्ट...
पंद्रह यजमान प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का हिस्सा होंगे
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक उदयपुर से बनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष रामचंद्र खराड़ी, असम से राम कुई जेमी, गुरुचरण सिंह गिल जयपुर, कृष्ण मोहन हरदोई, रमेश जैन मुल्तानी, अझलारासन तमिलनाडु, विट्ठलराव कांबले मुंबई, महादेव गायकवाड़ घुमंतू समाज, ट्रस्टी लातूर महाराष्ट्र, श्रीलिंग राज वासव राज अप्पा, कलबुर्गी कर्नाटक, दिलीप वाल्मीकि लखनऊ, अनिल चौधरी डोमराजा काशी और काशी के कैलाश यादव, कवींद्र प्रताप सिंह व पलवल हरियाणा के अरुण चौधरी प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के यजमान होंगे।
21 जनवरी को ऐसे होगी रामलला की पूजा
20 जनवरी को श्री रामलला के विग्रह को पहले शर्करा अधिवास और फलाधिवास में रखा गया। इसके बाद 81 कलशों में एकत्रित विविध औषधी युक्त जल से स्नान कराया गया। फिर विग्रह को पुष्पाधिवास में रखा गया।
वहीं आज यानी 21 जनवरी को भी विग्रह के अधिवास की प्रक्रिया जारी रहेगी। रामजन्मभूमि तिर्थ ट्रस्ट के अनुसार आज रविवार को स्थापित देवताओं का दैनिक पूजन, हवन, पारायण, आदि कार्य, प्रातः मध्वाधिवास, मूर्ति का 114 कलशों के विविध औषधीयुक्त जल से स्नपन, महापूजा, उत्सवमूर्ति की प्रासाद परिक्रमा, शय्याधिवास, तत्लन्यास, महान्यास आदिन्यास, शान्तिक-पौष्टिक - अघोर होम, व्याहति होम, रात्रि जागरण, सायं पूजन एवं आरती होगी।