सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना-पूजा के लिए सबसे उत्तम और सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। सावन में सभी शिवभक्त बड़े ही जोश, उत्साह और श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा के दौरान शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और गंगाजल अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिवलिंग पर इन चीजों को अर्पित करने से भगवान भोलेभंडारी जल्द प्रसन्न होते हैं और सभी को आशीर्वाद देते हैं। लेकिन वहीं शास्त्रों में बताया गया है कि कुछ चीजों को शिवलिंग पर अर्पित नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं शिवलिंग पर क्या चढ़ाना चाहिए और क्या नहीं।
सावन में शिवलिंग पर ना चढाएं ये चीजें
तुलसी के पत्ते
हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत ही शुभ और पवित्र माना गया है। भगवान विष्णु को जहां तुलसी अतिप्रिय होती है वहीं भोलेनाथ की पूजा में तुलसी दल चढ़ना वर्जित माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार तुलसी और भगवान शिव से जुड़ी कथा के कारण शिवपूजन में तुलसी का प्रयोग वर्जित माना जाता है।
हल्दी
शिवलिंग पर हल्दी अर्पित करना वर्जित होता है। दरअसल हल्दी को सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। भगवान शिव वैराग्यी हैं जिसके चलते शिवलिंग पर हल्दी नहीं चढ़ाई जाती है।
केतकी का फूल
शास्त्रों के अनुसार, शिवलिंग पर केतकी का फूल चढ़ना शुभ नहीं माना जाता है। शिवपुराण के अनुसार, केतकी के झूठ कारण के शिवजी ने उसे अपनी पूजा में स्वीकार न करने का वरदान दिया था।
नारियल का पानी
शिवजी की पूजा में नारियल अर्पित करना वर्जित माना जाता है। साथ ही शिवलिंग पर नारियल की पानी भी नहीं चढ़ाया जाता है। नारियल को मां लक्ष्मी का स्वरूप होता है और मां लक्ष्मी भगवान विष्णु की पत्नी हैं।
सिंदूर और कुमकुम
भगवान शिव की पूजा में शिवलिंग पर सिंदूर, कुमकुम और सुहाग की दूसरी सामग्री को अर्पित करना वर्जित होता है। भगवान शिव वैराग्य के प्रतीक हैं।
शिवलिंग पर क्या चढ़ाना शुभ
शास्त्रों में कहा गया है भगवान शिव को मात्र एक लोटा जल अर्पित करने से वे प्रसन्न हो जाते हैं। ऐसे में भगवान शिव को शुद्ध जल, गंगाजल, कच्चा दूध, दही, घी, शहद और गन्ने के रस से अभिषेक करना अच्छा होता है। वहीं इसके अलावा शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी, चंदन, आक का फूल और मौसमी फल अर्पित करना शुभ माना जाता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।