हिंदू धर्म में दशहरा एक प्रमुख त्योहार के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व हर वर्ष हिंदू पंचांग के अनुसार आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत के रूप में हर वर्ष पूरे देशभर में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दशहरा भगवान श्रीराम की लंका पर विजय और रावण के वध की खुशी में मनाया जाता है। इसके अलावा देवी दुर्गा के नौ दिनों की उपासना और महिषासुर के अंत होने की विजय के रूप में मनाया जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार विजयादशमी का त्योहार एक अबूझ मुहूर्त होता है, जिसमें किसी भी तरह का शुभ कार्य और शुभ खरीदारी के लिए यह दिन सबसे अच्छा होता है। इस दिन बिना मुहूर्त देखें कोई कभी शुभ कार्य और शुभ खरीदारी करने की मान्यता है। ऐसे में विजयादशमी पर नई चीजों की खरीदारी और नया काम करना बहुत ही शुभ होती है। वहीं दशहरा पर कुछ चीजों की खरीदारी और कार्य करना वर्जित होता है। ऐसे में आइए जानते हैं इस विजयादशमी पर्व क्या खरीदना चाहिए और क्या नहीं।
दशहरा पर खरीदें ये चीजें
1- सोना-चांदी
दशहरा पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदने की विशेष परंपरा होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सोना-चांदी खरीदने से घर में सुख, समृद्धि और शुभता आती है। दशहरा पर सोने-चांदी की चीजों को खरीदने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर धन-धान्य से भर देती हैं।
2- वाहन की खरीदारी
दशहरा तिथि एक अबूझ मुहूर्त होता है। इस दिन वाहन की खरीदारी को अच्छा माना जाता है। ऐसे में लोग लंबे समय से कार, बाइक, स्कूटी और दूसरे तरह के वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनको विजयादशमी के दिन वाहन की खरीदारी करनी चाहिए। इस दिन चीजों की खरीदारी करने से जीवन भर शुभता और इसमें वृद्धि होती है।
3- जमीन-जायदाद और मकान की खरीदारी
दशहरे पर मकान, फ्लैट, जमीन और दूसरी तरह की प्रॉपर्टी आदि की खरीदारी करने की विशेष मान्यता होती है। इस दिन जमीन खरीदने करने से जीवन में शुभता में वृद्धि होती है।
4- शमी का पौधा
दशहरा के दिन घर पर शमी का पौधा लाना बहुत ही शुभ माना जाता है। विजयादशमी का त्योहार शमी के पौधे से जुड़े कई उपायों के खास होता है। ऐसे में दशहरा पर शमी का पौधा जरूर खरीदना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे घर का वास्तु दोष दूर होता है और परिवार में सुख, शांति और धन-धान्य में वृद्धि होती है।
5- झाड़ू
दिवाली के अलावा दशहरे पर भी नई झाड़ू की खरीदारी करना अच्छा और शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विजयादशमी पर झाड़ू खरीदने घर में फैली नकारात्मक ऊर्जा और दरिद्रता दूर होती है। ऐसे में दशहरे पर जरूर झाड़ू की खरीदारी करना और उसकी पूजा करना चाहिए।
6- अपराजिता का पौधा
दशहरे पर अपराजिता के पौधे की पूजा का विशेष महत्व होता है। शास्त्रों के अनुसार अपराजिता का फूल विजय और मां दुर्गा की कृपा पाने का सबसे बड़ा माध्यम होता है। ऐसे में विजयादशमी पर अपराजिता का पौधा घर पर जरूर लाएं और उसे लगाएं।
7- श्रीयंत्र और कुबेर यंत्र
दशहरे के दिन घर पर पूजा के लिए श्रीयंत्र या कुबेर यंत्र को लाना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे घर में आर्थिक समृद्धि, सुख, संपन्नता और समृद्धि आती है।
8- दशहरा पर नई डायरी और बही खाता
नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए दशहरे के दिन नया बही-खाता, डायरी आदि की खरीदारी करना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे जीवन में सफलता और नया काम शुरू करने में सफलता मिलने का प्रतीक होता है।
9- पीली कौड़ी
दशहरे पर पूजा के लिए बाजार से 5 या 11 की संख्या में पीली कौड़ियों को जरूर लाना चाहिए। फिर इसकी पूजा करें और इसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखें।
10- कलश
दशहरे के दिन घर के मंदिर के लिए मिट्टी, पीतल या फिर तांबे से बना हुआ कलश जरूर लाना चाहिए। इससे घर में सकारात्मकता आती है।
दशहरे पर इन चीजों को करने से बचें
- धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, दशहरे के शुभ दिन किसी भी तरह का वाद-विवाद, बुरे काम नहीं करना चाहिए। इसके अलावा दशहरे पर विशेष रूप से शमी और अपराजिता के पौधे को नुकसान ना पहुंचाएं।