Basant Panchami 2022: आज माघ महीने की पंचमी तिथि है। माघ मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को वसंत पंचमी के रूप में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस विशेष पर्व पर विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना की जाती है। मां सरस्वती के प्राकट्योत्सव के रूप में मनाया जाने वाला वसंत पंचमी का पर्व इस बार 5 फरवरी को मनाया जा रहा है। वसंत पंचमी को बागीश्वरी जयंती और श्रीपंचमी भी कहा जाता है। इस दिन मांगलिक कार्य जैसे मुंडन संस्कार, कोई नई विद्या आरंभ करना, कोई नया काम शुरू करना, अन्नप्राशन संस्कार, गृह प्रवेश या अन्य कोई शुभ काम करना अच्छा माना जाता है। यहां तक कि विवाह के लिए भी इस दिन बेहद उत्तम योग का निर्माण होता है। मान्यता है कि बसंत पंचमी के दिन विवाह के लिए सर्वश्रेष्ठ संयोग और अबूझ मुहुर्त होता है। अबूझ विवाह मुहूर्त से यहां अभिप्राय उन जोड़ों से हैं जिनके विवाह के लिए कोई मुहूर्त नहीं निकल पाता, वो बेझिझक वसंत पंचमी के दिन विवाह कर सकते हैं।