Akshaya Tritiya 2024: हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को 'अक्षय तृतीया' का पावन पर्व मनाया जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी और गणेश जी के साथ कुबेर महाराज की पूजा करना अत्यंत ही शुभ होता है। विधिनुसार मां देवी की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। वहीं इस वर्ष अक्षय तृतीया 10 मई को मनाई जाएगी। इस बार अक्षय तृतीया पर कई शुभ योग का निर्माण हो रहा है, जिसमें गजकेसरी राजयोग का नाम भी शामिल है। ज्योतिष शास्त्र में गजकेसरी योग को बहुत ही शुभ माना गया है। इस दिन सोने-चांदी की खरीदारी करने से जीवन में खुशियां आती है और व्यक्ति के धन में भी वृद्धि होती है। बता दें, अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त माना गया है। इसका अर्थ है कि इस दिन आप बिना मुहूर्त विचार के कोई भी शुभ मांगलिक कार्य कर सकते हैं। हालांकि, करीब 23 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है, जब इस दिन विवाह का मुहूर्त नहीं बन रहा है। दरअसल, इस वर्ष अक्षय तृतीया पर शुक्र और गुरु का तारा अस्त होने से इस दिन विवाह का शुभ मुहूर्त नहीं बनेगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार विवाह का मुहूर्त कब बनेगा ?