डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सच्ची और झूठी खबरों को पहचानना मुश्किल होता जा रहा है। अपने पाठकों को सच्ची खबरें परोसने और गलत खबरों का आकलन कर सही जानकारी मुहैया कराने के लिए एक एसोसिएशन तैयार किया गया है। 21 सितंबर को दिल्ली में मीडिया जगत के 10 दिग्गजों ने मिलकर इस एसोसिएशन की नींव डाली और नाम दिया डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए)।
एसोसिएशन में नामी मीडिया संस्थान जुड़े, जिनमें अमर उजाला, जागरण न्यूज मीडिया, इंडिया टुडे ग्रुप, मलयाला मनोरमा, एचटी डिजिटल स्ट्रीम, टाइम्स ऑफ इंडिया, एनडीटीवी, द इंडियन एक्सप्रेस, दैनिक भास्कर समूह और ईनाडु प्रमुख हैं। इससे आने वाले समय में और भी कई संस्थानों के जुड़ने की संभावनाएं हैं। डीएनपीए का उद्देश्य डिजिटल ईको सिस्टम को बढ़ावा देना है।
डीएनपीए समाचारों से संबंधित जानकारी डिजिटल उद्योग में नवीनतम विकास के साथ फैलाने में मददगार साबित होगा, साथ ही इसके सहारे सभी मीडिया हाउस अपने ज्ञान और जागरुकता को अपने साथियों के साथ साझा कर सकेंगे। डीएनपीए के सदस्य इसे एक स्वयं विनियमित निकाय बनाना चाहते हैं ताकि सरकार और अन्य उद्योग संघों के साथ काम कर सकें और इस पूरे डिजिटल ईको सिस्टम को विकसित कर सकें।
आपको बता दें कि जिन 10 मीडिया समूहों को शामिल करके डीएनपीए की नींव रखी गई है इनकी डिजिटल न्यूज़ में 70 फीसदी भागीदारी है। डीएनपीए में कोई भी मीडिया हाउस अध्यक्ष नहीं है ताकि सभी सदस्य खुद को एक समान समझ सकें और बेहतर कार्य के लिए प्रतिबद्ध रहें।