जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क पर गरोडू के पास शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे बाइक फिसलने से 28 साल के युवक की मौत हो गई है। युवक की पहचान सूरज डोगरा पुत्र दीपक डोगरा निवासी वार्ड नंबर तीन जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है। युवक वेब डिजाइनर था। वह रोजाना की तरह घर से घमरेहड़ स्थित कार्यालय जा रहा था। घर से करीब 400 मीटर दूर गरोडू के पास बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे युवक के सिर पर गहरी चोटें आ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दी है। युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई है।
शनिवार को ही दोपहर बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि बाइक दुर्घटना में शहरी क्षेत्र के एक युवक की मौत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बाइक हादसे में शहर के नौजवान की मौत पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन की ओर से कानूनगो अश्वनी शर्मा ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की है। युवक की मौत पर शनिवार को शहर का माहौल गमगीन रहा।
किसी ने भी जहमत नहीं उठाई
कहा जा रहा है कि जोगिंद्रनगर शहर के गरोडू के नजदीक बाइक हादसे में घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाने में किसी ने भी जहमत नहीं उठाई। घायल की बीच सड़क पर तड़प-तड़प कर मौत हो गई। बाईक दुर्घटनाग्रस्त होते ही काफी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कई लोग वीडियो बनाते रहे।
युवक के चाचा पवन कुमार ने बताया कि उन्हें करीब दस बजकर 15 मिनट पर हादसे में भतीजे के गंभीर घायल होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ सूरज को अस्पताल पहुंचाने की बजाय भीड़ तमाशबीन बनी रही। साढ़े दस बजे के बाद 108 एंबुलेंस के कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां पर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।