सुबह हाेटल के कमरे में मृत मिला युवक, प्राथमिक जांच में नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका
संवाद न्यूज एजेंंसी
रोहड़ू। रोहड़ू बाजार के एक होटल में दिवाली मनाने के बाद ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक सुबह कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान रोहड़ू तहसील के डाकघर शील, जलौह गांव निवासी 32 वर्षीय कुशल पुत्र रत्न चंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुशल अपने कुछ दोस्तों के साथ दिवाली मनाने के लिए रोहड़ू आया हुआ था। सभी एक कमरे में ठहरे हुए थे। सुबह जब कुशल मृत अवस्था में मिला, तो होटल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो पाया है। पुलिस मामले की जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। शव को विशेषज्ञ की राय के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा जा रहा है। वहीं, पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि युवक की मौत हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस दोस्तों से पूछताछ सहित घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।