युवक की झुलसने से मौत(सांकेतिक)
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय के साथ सटे अपर कोटला कलां में 35 वर्षीय युवक ने आत्मदाह किया है। मृतक युवक की पहचान संजीव कुमार पुत्र स्वर्गीय गुरमेल सिंह के रूप में हुई है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे में लगी आग पर काबू पा लिया है। वहीं, पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और आगामी तफ्तीश शुरू की। जानकारी के अनुसार संजीव कुमार मानसिक रूप से बीमार था और उसका उपचार चल रहा था। गुरुवार शाम के समय संजीव कुमार ने अपने कमरे में स्वयं को आग लगा दी। उस समय घर पर उसकी माता और भाभी मौजूद थीं। दोनों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच सूचना मिलते ही दमकल विभाग ऊना की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक युवक की झुलसने से मौत हो चुकी थी। आग से युवक का शरीर बुरी तरह से जल गया। उधर, एसपी राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है।