शिमला। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (आईआईएएस) में सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया। यह आयोजन आईआईएएस और सशस्त्र सीमा बल के मेडिकल ट्रेनिंग सेंटर, शिमला के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। वहीं आईआईएएस के निदेशक हिमांशु कुमार चतुर्वेदी भी इस सत्र में उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया। एसएसबी मेडिकल ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक पुष्पेंद्र कुमार और रामपाल ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योग मुद्राओं, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।