शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोग में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इसमें प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के 151 विद्यार्थियों, अध्यापकों, अभिभावकों और महिला मंडल के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शारीरिक अभ्यास से हुई। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग सत्र के बाद 10 मिनट का पंचकोश ध्यान किया गया। कक्षा 11वीं की छात्राओं ने सूर्य नमस्कार के पांच दौर प्रस्तुत किए। छात्रा प्रीशा ने कलाबाजी का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। मुख्य अतिथि संपूर्ण सिंह ने विद्यार्थियों को खेल पोशाक और बस्ते वितरित किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या सारिका आहूजा ने विद्यार्थियों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।