धौलासिद्ध हाइड्रो प्रोजेक्ट में कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ मजदूर लामबंद हो गए हैं। मजदूरों ने कड़ाके की ठंड में शनिवार सुबह गेट मीटिंग कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। गेट मीटिंग में सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भवन, सड़क एवं अन्य निर्माण यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर कुमार, जिला महासचिव रंजन शर्मा, यूनियन की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष नवीन ठाकुर व 400 से ज्यादा मजदूर शामिल हुए। इस दौरान पहचान पत्र जारी नहीं करने, ओवरटाइम का हिसाब नहीं देने, ड्यूटी टाइम तय करने, ठंड में आधारभूत जीवनयापन की सुविधाओं को मुहैया नहीं करवाने की मांग को दोहराया गया। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आगामी दोनों में वह हड़ताल करने को भी विवश होंगे।