शिमला। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल और सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का आह्वान किया है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच के सहयोग से आयोजित देसी क्रेविंग्स हरियाणा महिला खाद्य उद्यमी विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता समावेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सशक्त महिलाएं और उद्यमशील युवा विकसित भारत की आधारशिला हैं। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, पीएमईजीपी, लखपति दीदी और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सहायता, कौशल विकास और बाजार तक पहुंच मिल रही है। कार्यक्रम में हरियाणा की 50 महिला खाद्य उद्यमियों ने अपने उत्पादों और उद्यमशीलता की यात्रा को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, नीति आयोग की अन्ना रॉय सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। संवाद