शिमला। मशोबरा में महिलाओं को फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पहले दिन गोलगप्पे, भेलपूरी और नमकीन बनाने की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से निशुल्क चलाया जा रहा है जिससे महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के लिए सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के तहत सभी प्रकार के फास्ट फूड बनाना सिखाया जाना है। यह कार्यक्रम 12 दिन तक चलेगा, इसमें 20 महिलाएं और 3 युवक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षक नीलिमा शर्मा इस दौरान प्रशिक्षुओं को केक, बेकरी उत्पाद, बर्गर, मोमो, चाउमीन बनाना सिखाएंगी। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की निदेशक तानिया शर्मा ने कहा कि संस्थान में महिलाओं और युवाओं के लिए 70 प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम समन्वयक प्रवीण शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले सिर्फ महिलाओं को शामिल किया जाना था लेकिन युवकों के विशेष आग्रह पर इसमें तीन युवकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संवाद