शिमला। रक्षा बंधन और भैया दूज पर प्रदेश सरकार के फैसले के अनुरूप महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में निशुल्क सफर की सुविधा दी जाती है। निगम की बसों में बुधवार को सफर करने वाले यात्रियों में महिलाओं की संख्या अधिक देखने को मिली। दोपहर दो बजे घणाहट्टी से शिमला की ओर आ रही एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस में अधिकतर सीटों पर महिला यात्री ही नजर आईं। बस में पुरुष यात्री भी सवार थे लेकिन उनकी संख्या कम थी। कई पुरुष यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। बनूटी, हीरानगर, टुटू और शिमला तक विभिन्न बस ठहरावों से बस में चढ़ने वाली महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। वहीं पुराना बस अड्डा में दोपहर करीब तीन बजे धामी-पीपलीधार जाने वाली बस में 70 फीसदी से अधिक महिला यात्री बैठी नजर आईं। बस में बैठी महिला यात्रियों मीनाक्षी और सविता ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं को निशुल्क सफर की सुविधा देना सराहनीय कदम है। इस दिन महिलाएं बिना किराया खर्च किए अपने भाइयों के घर जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने भैया दूज पर अवकाश घोषित कर उन्हें बड़ी राहत दी है। परिवहन निगम के शिमला ग्रामीण डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज ठाकुर ने कहा कि सरकार और निगम के निर्देशों के अनुसार बुधवार को भैया दूज के अवसर पर महिलाओं को बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। संवाद