शिमला। राजधानी के घंडल में ग्रामीण महिलाएं बुनाई और कढ़ाई का कौशल सीख रही हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह आयोजन हेल्पिंग हैंड वेलफेयर एंड एजुकेशन संस्था के प्रशिक्षण केंद्र में हो रहा है। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर चंपा देवी महिलाओं को पारंपरिक बुनाई और कढ़ाई की विभिन्न तकनीकें सिखा रही हैं। इसमें फ्लावर स्टिक, पर्स, की-चेन, कुशन कवर पर कढ़ाई, जयमाला, जूट बैग, सॉफ्ट टॉय और तोरण सहित कई उत्पाद बनाना सिखाया जा रहा है। महिलाएं ऊनी वस्त्रों, जैसे स्वेटर, मफलर और टोपी बनाना सीख रही हैं। साथ ही वह कपड़ों और घरेलू सजावटी सामान पर आकर्षक कढ़ाई करना भी सीख रही हैं। इसके अलावा, उन्हें क्रोशिया से फूल, टोपी, मफलर, पर्स और सजावटी सामान बनाना भी सिखाया जा रहा है। प्रशिक्षक ने बताया कि यह प्रशिक्षण 7 अक्तूबर तक चलेगा। संवाद