शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की एबीवीपी इकाई ने सोमवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और प्रदेश में पीजीटी पदों पर अस्थायी भर्ती प्रक्रिया का विरोध दर्ज कराया। इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने बताया कि विश्वविद्यालय में हालिया फीस वृद्धि से सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। बढ़ी हुई फीस के कारण कई छात्रों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना कठिन होता जा रहा है।इसके अलावा परिषद ने शिक्षा विभाग में पीजीटी पदों पर की जा रही अस्थायी नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। प्रदेश में पहले ही हजारों शिक्षित युवा स्थायी रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ऐसे में अस्थायी भर्ती न केवल युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है बल्कि इससे शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने फीस वृद्धि को वापस नहीं लिया और अस्थायी भर्ती प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई तो संगठन आने वाले समय में उग्र आंदोलन शुरू करेगा। संवाद