शिमला। राजधानी के चलौंठी क्षेत्र में पानी का एक टैंकर सड़क से नीचे प्लांट क्षेत्र में पलट गया। हादसे में टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ। गावर कंपनी के फोरलेन प्रोजेक्ट के साइट इंचार्ज गुलाब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पानी का टैंकर (एचआर 39डी-4750) चालक बबलू चला रहा था। आरोप है कि चालक की लापरवाही के कारण टैंकर सड़क से नीचे प्लांट क्षेत्र में पलट गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि संजौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ब्यूरो