शिमला। जिला शिमला के स्वास्थ्य केंद्रों में कोविशील्ड के टीके का इंतजार खत्म हो गया है। बुधवार से 18 से 59 साल के पात्र व्यक्ति केंद्रों पर आकर बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है। विभाग ने दावा किया है कि पात्र लाभार्थी नजदीकी केंद्रों में जाकर यह टीका लगवा सकते हैं।
सप्लाई न आने की वजह से 21 दिन पहले कोरोना की एहतियाती डोज लगना बंद हो गई थी। इस वजह से डीडीयू और आईजीएमसी समेत पूरे जिलाभर के टीकाकरण केंद्रों में ताले लटक गए थे। लोग केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए आ रहे थे, लेकिन उन्हें यहां से बैरंग लौटना पड़ रहा था। अब स्वास्थ्य मंत्रालय से कोविडशील्ड वैक्सीन की की सप्लाई मिल गई है। ऐसे में शिमला में टीके के पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें टीकाकरण केंद्रों में भेजने का काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यह बूस्टर डोज कोरोना बीमारी से बचाने के लिए लाभकारी साबित होगा।
अब तक के आंकड़े
शिमला जिले में अब तक 18 से 59 साल के 1,75,391 लोगों को कोरोना की बूस्टर डोज लग पाई है। इसके अलावा 12 से 14 साल के 30,374 बच्चों को पहली और 25,209 को दूसरी डोज लगी है। 15 से अधिक आयु के 45,813 को पहली और 39,765 को दूसरी डोज लग चुकी है।
आईजीएमसी में 2129 मरीजों ने करवाया उपचार
शिमला। आईजीएमसी में मंगलवार को इलाज करवाने आए मरीजों की भारी भीड़ रही। सुबह साढ़े नौ से शाम चार बजे तक कुल 2129 मरीजों ने उपचार करवाया। इनमें 2035 मरीजों ने जनरल ओपीडी और 94 मरीजों ने आपात स्थिति में उपचार करवाया।