शिमला। भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला शिमला की ओर से वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अनाडेल में संस्कृत दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाभर के 70 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम में अनाडेल स्कूल की प्रधानाचार्य नलिनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह में वरिष्ठ और कनिष्ठ वर्गों में भाषण तथा श्लोक वाचन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें विद्यार्थियों ने धारा प्रवाह संस्कृत में भाषण देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वरिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में उर्वशी शर्मा ने पहला, रुचिका ने दूसरा और महारानी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कनिष्ठ वर्ग में सौम्या ने पहला, अन्वी ने दूसरा और यशिका ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में रिद्धिमा ने पहला, शिवानी ने दूसरा और राधिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में परिधि ने पहला, मयंक ने दूसरा और काव्यांशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. सतीश शर्मा ने निभाई। अंत में मुख्य अतिथि ने सभी विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल सहित विभाग के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद