राजधानी के छोटा शिमला थाना क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 23 वर्षीय युवक ने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी पहचान रोहित पुत्र मुनेश्वर लाल गांव संडीला तहसील गोपामाय, जिला हरदोई निवासी के तौर पर हुई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक युवक तनाव में था। बताया जा रहा है कि प्रेमिका की शादी के बाद वह तनाव में था।
बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक कसुमपटी चौकी क्षेत्र में यह घटना पेश आई है। सरघीन के समीप जुब्बड़ नामक स्थान पर पावर प्लांट तैयार किया जा रहा है। रोहित पिछले दो महीने से यहां ठेकेदार के पास प्लांट में काम कर रहा था।
रोहित के गांव के कुछ और युवक भी प्लांट में काम करते हैं। शनिवार देर रात युवक प्लांट के समीप फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने प्लांट प्रबंधक को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव कब्जे में लिया।
पुलिस को मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। रविवार को आईजीएमसी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इसके मोबाइल फोन को कब्जे में लिया है। एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि एक युवक ने आत्महत्या की है। मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।