शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की स्वायत्तता बहाल करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को काले बिल्ले लगाकर विरोध जताया। हिमाचल विश्वविद्यालय स्वायत्तता बचाओ संघर्ष मंच के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपने कार्यालयों में नियमित कामकाज करते हुए प्रदर्शन किया। मंच ने स्पष्ट किया है कि आगामी रणनीति तय होने तक यह विरोध जारी रहेगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की बहाली की मांग उठाई। काले बिल्ले लगाकर काम करते हुए उन्होंने अपनी मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बहाल करने के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में मंगलवार को प्रशासनिक भवन में कार्यरत गैर शिक्षक अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संघर्ष मंच के प्रेस सचिव शशि कुमार ने बताया कि आगामी रणनीति तय होने तक कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर विरोध दर्ज करवाते रहेंगे। संवाद