विवि में शिक्षकों को नए आवास बनवाकर दें अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) की मंगलवार को विवि में हुई आम सभा में शिक्षकों ने उनकी लंबित मांगों पर चर्चा की।
इसके बाद संघ पदाधिकारियों ने कुलपति प्रो. एसपी बंसल से मुलाकात की और मांगपत्र सौंप कर मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। संघ के अध्यक्ष प्रो. हरीश ठाकुर और सचिव डाॅ. जोगिंद्र सकलानी सहित कुलपति से मिले पदाधिकारियों ने कुलपति से सातवें वेतन आयोग के लागू होने पर लंबित एरियर का एकमुश्त भुगतान करने, एमफिल और पीएचडी की इंक्रीमेंट बहाल करने, कॅरिअर एडवांस्मेंट स्कीम की अधिसूचना जारी करने का आग्रह किया। इसके अलावा शिक्षक संघ ने महिला शिक्षकों के लिए चाइल्ड केयर लीव देने, विवि में शिक्षकों को नए आवास बनाने, आवास आंवटन की प्रक्रिया में सुधार लाने, विवि के आर्डिनेंस, एक्ट और हैंड बुक संशोधित करने, विवि शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 65 वर्ष करने की मांग भी की। इसके अलावा ईसी में शिक्षकों के नुमाइंदों में सहायक आचार्य के लिए चुनाव करवाने, विभागों में फर्नीचर और कंप्यूटर सुविधा मुहैया करवाने की मांग की। हपुटवा ने चेताया कि उनकी इन सभी मांगों को एक माह के भीतर पूरा नहीं किया तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।