अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ हपुटवा ने विवि में चल रहे कुछ कोर्स को बंद करने के निर्णय की निंदा की है। संघ के अध्यक्ष प्रो. हरीश ठाकुर और महासचिव डॉ. जोगिंदर सकलानी ने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले काफी लंबे समय से नेक से ए प्लस ग्रेड के लिए लड़ रहा है और ग्रेडिंग के लिए विश्वविद्यालय में विविधतापूर्ण कोर्सेज आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन गैर जरूरी नियुक्तियां करने की बजाय जो कोर्स चल रहे हैं उनमें नियुक्तियां करे। विभागों को बंद करने की बजाय वर्तमान समय में प्रासंगिक विभागों को खोले, जिससे विश्वविद्यालय ए प्लस ग्रेड पाने का लक्ष्य प्राप्त हो। उन्होंने कोर्स बंद करने के निर्णय को छात्र विरोधी और विश्वविद्यालय के अहित में करार दिया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस फैसले को वापस नहीं लेता तो हपुटवा आने वाले समय में आंदोलन करेगा।