बालूगंज थाना क्षेत्र में पेश आई घटना
घर के भीतर रखा सामान भी जला, दोमंजिला भवन सुरक्षित बचाया
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बालूगंज थाना के तहत आरटीओ कार्यालय के पास आग लगने से दो कमरों का मकान जल गया। अग्निकांड में घर का सामान भी जलकर राख हो गया है।
अग्निशमन विभाग की टीमों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और इसके पास दोमंजिला भवन को सुरक्षित बचा लिया। घटना दोपहर करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है, जब मकान में अचानक आग लग गई। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। आसपास के लोगों ने सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। बालूगंज अग्निशमन केंद्र से महज चार मिनट में दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। इसी दौरान मालरोड अग्निशमन केंद्र से भी एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। यह मकान रमेश ठाकुर नाम के शख्स का था। अग्निकांड में घर में रखे दो बेड, एक बिस्तर, दो ट्रंक और लकड़ी के फट्टे जल गए हैं। आग से करीब एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान आंका गया है। टीम ने मौके से करीब 36,00 रुपये की राशि बरामद की है, जिसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इस मकान में आग लगने से आसपास के घरों में भी इसकी फैलने का खतरा बना हुआ था लेकिन दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोमंजिला मकान को सुरक्षित बचाकर लिया। पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।