संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर में आए दिन तेज रफ्तार हादसों का कारण बनती जा रही है। रामपुर में दो अलग-अलग जगह सड़क हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामपुर के देवथी, कुहल गांव निवासी 38 वर्षीय अशोक कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 9 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह मशणू निवासी 32 वर्षीय अरुण के साथ कार एचपी 06बी-6405 में नोगली जा रहे थे। इस दौरान खोपड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पास चालक अरुण ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार एनएच-5 के दाईं ओर लगी रेलिंग से टकरा गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। दुर्घटना में अशोक कुमार को चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले में चिड़गांव के देवीधार निवासी 32 वर्षीय रविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई कि 9 नवंबर की शाम करीब 5:55 बजे वह लोकेश महाजन के साथ मोटरसाइकिल नंबर एचपी 06बी-0315 पर रामपुर की ओर आ रहे थे। जब वे वजीर बावड़ी के पास किश्ती पॉइंट पर पहुंचे, तो एक कार एचपी 92ए-0433 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार कार चालक दत्तनगर के निरसू निवासी 42 वर्षीय नील गगन की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में रविंदर सिंह को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से आह्वान किया है कि वाहनों को तेज गति में न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
वजीर बावड़ी के समीप कार और बाइक में हुई जोरदार टक्कर। स्रोत : जागरूक पाठक