धनोटू पुलिस थाना के तहत बग्गी के समीप एक युवती और व्यक्ति के बीबीएमबी नहर में बहने का मामला सामने आया है। नहर में बह रही युवती को बचाने के लिए व्यक्ति नहर में उतरा था, लेकिन वह भी युवती के साथ पानी के तेज बहाव में बह गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। नहर के किनारों से दोनों की तलाश भी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाया है। युवती ने नहर में लगाई है या फिर फिसलकर वह गिरी है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर को एक युवक और युवती नहर के पास मौजूद थे। इस दौरान युवती नहर में गिर गई। जैसे इसकी सूचना वहां से गुजर रहे युवक के पिता को लगी तो उन्होंने तुरंत युवती को बचाने का प्रयास किया। युवती को बचाते हुए व्यक्ति भी पानी के तेज बहाव में बह गया।
स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। देर शाम तक युवती और व्यक्ति का कोई भी पता चल पाया है। सूचना मिलते ही डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण और पुलिस थाना धनोटू की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती शकरोहा गांव, जबकि युवक का पिता नलसर पंचायत के गांव बोरा का रहने वाला बताया जा रहा है।
उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया कि युवती ने नहर में छलांग लगाई है या फिर वह फिसलकर गिरी है। तथ्य जुटाए जा रहे हैं, उसके अनुसार ही जांच आगे बढ़ाई जाएगी। बताया कि बहे हुए दोनों लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम बुलाई गई है।