शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में पिछले दिनों लोहे की रॉड से छात्र पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपी छात्रों को गिरफ्तार किया है। मामले में इनकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। आरोपियों की पहचान कमल देव शर्मा निवासी गांव हकाईना, डाकघर झकांडू, थाना एवं तहसील शिलाई, जिला सिरमौर और प्रवेश कुमार निवासी गांव द्राविल, डाकघर झकांडू, थाना व तहसील शिलाई, सिरमौर के रूप में हुई है। अभी तक पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी साल 27 फरवरी को अंकित चंदेल ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई कि समरहिल विश्वविद्यालय डिस्पेंसरी के पास एसएफआई से जुड़े कुछ छात्रों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया था। इसमें उसके सिर पर चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज थाने में केस दर्जकर जांच शुरू की है। पुलिस की जांच के दौरान तीन आरोपियों देवराज उर्फ राजेश, विवेक और अंशुल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। यह सभी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। अब इस मामले में जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत मिली है। ब्यूरो