बीसीएस की घटना, पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्जकर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बीसीएस में बस का इंतजार कर रहीं दो युवतियों को एक कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों को लोगों की मदद से उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मामला सोमवार शाम करीब 6:30 बजे का बताया जा रहा है। जीवणु काॅलोनी परिमहल की रहने वाली नीतिका और संजना बस का इंतजार कर रही थीं। बीसीएस में वार्षाशालिका के बाहर खड़ी थीं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि विकासनगर की ओर से एक कार चालक आया, जिसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ आ गई और टक्कर मार दी। युवतियां उछलकर रेन शेल्टर के भीतर कुर्सियों पर जा गिरीं। युवतियों की टांग और बाजू में चोटें आई हैं। लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार चालक रोहिन शर्मा के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।