शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के हिंदी विभाग में शनिवार को आयोजित व्याख्यान में पुलिस की भूमिका को युवाओं के भविष्य निर्माण से जोड़ते हुए एक प्रेरक संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया। डॉ. शिवकुमार ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी और नागरिक जिम्मेदारी युवाओं को सशक्त बनाती है। उन्होंने आपराधिक न्याय प्रणाली, साक्ष्य कानून और पुलिस कार्यप्रणाली को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए सड़क सुरक्षा, ड्राइविंग नियमों और नशे से दूर रहने की अपील की। विभागाध्यक्ष डॉ. भवानी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस व्याख्यान में प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीता ठाकुर ने किया। अंत में डॉ. नरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संवाद