शिमला। समग्र शिक्षा और भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से लाइफ स्किल-माइंडफुलनेस पाठ्यक्रम पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला वीरवार को शिमला में संपन्न हो गई। होटल होलीडे होम में प्रशिक्षण में प्रदेश की पांच डाइटों के रिसोर्स पर्सन, जिला परियोजना अधिकारी, डाइट प्राचार्य तथा शिमला जिला के विभिन्न शिक्षा खंडों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को समस्या समाधान, आत्म-जागरूकता, प्रभावी संवाद, रचनात्मक व आलोचनात्मक चिंतन, समय प्रबंधन, सहानुभूति और तनाव प्रबंधन जैसे प्रमुख जीवन कौशलों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जिलों में अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित कर इस पाठ्यक्रम को विद्यालय स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करें। समग्र शिक्षा के अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि इसे राज्यभर में समन्वित और प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके। संवाद