शिमला। राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की इंटर यूनिवर्सिटी महिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली टीम का प्रशिक्षण शिविर बुधवार को शुरू हो गया। यह शिविर 28 नवंबर तक चलेगा। शिविर का संचालन कोच अभय लखनपाल की देखरेख में किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के बाद एचपीयू की टीम 29 नवंबर को हरियाणा के लिए रवाना होगी। इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप का आयोजन हरियाणा के मानेसर स्थित मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज में होगा। प्रतियोगिता में एचपीयू की पांच महिला खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगी। टीम में आरकेएमवी शिमला की रिधिमा चौहान और अंजलि कंवर, सेंट बीड्स कॉलेज की उर्वशी शर्मा और आरोही तथा राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की भाग्य गुलेरिया शामिल हैं। कोच अभय लखनपाल ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों को तकनीक, खेल कौशल और मैच की रणनीतियों का अभ्यास करवाया जाएगा। संवाद