शिमला मंडी नेशनल हाईवे पर तीन किलोमीटर जाम
शिमला। शिमला मंडी नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह लंबा जाम लग गया। टुटू से हीरानगर तक करीब 3 किलोमीटर में सैकड़ों वाहन ट्रैफिक जाम में फंस गए। ऑफिस आवर्स के दौरान लगे इस जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। टुटू में सड़क धंसने के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है। डंगा लगाने के काम के चलते सड़क बेहद संकरी हो गई है। हफ्ते के पहले दिन सोमवार सुबह अधिक संख्या में वाहनों के पहुंचने के कारण ट्रैफिक पूरी तरह जाम हो गया। इस दौरान टुटू से हीरा नगर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घंटों लोगों को बसों और वाहनों में कैद रहना पड़ा। टुटू में सड़क धंसने के बाद से आए दिन शिमला मंडी हाईवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है, हालांकि यहां पुलिस की भी तैनाती की गई है लेकिन सुबह और शाम के समय वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम हो रहा है।