दिवाली पर घुमारवीं में यातायात व्यवस्था रही बेहतर, नहीं लगा जाम-हमीरपुर और सरकाघाट जाने वाले वाहनों को भगेड़ से किया डायवर्ट
-पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से बाजार में बनी रही सुचारू आवाजाही, दुकानदारों को भी मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। दिवाली के त्योहार पर घुमारवीं शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस को कामयाबी मिली। त्योहार के दौरान बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ और वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद शहर में जाम की स्थिति नहीं बनी। जहां एक तरफ पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाले रखा, वहीं प्रशासन की ओर से पहले तैयार किए गए यातायात योजना के तहत वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी राहत मिली। हर साल दिवाली के दौरान घुमारवीं बाजार में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान हमीरपुर, नादौन, कांगड़ा, पालमपुर, धर्मशाला, सुजानपुर और सरकाघाट की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी शहर से होकर रहती है। ऐसे में त्योहार के दिनों में मुख्य बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पहले ही विशेष यातायात योजना तैयार कर ली थी। इसके तहत भगेड़ से हमीरपुर और सरकाघाट की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, ताकि शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रहे और यह जो योजना थी काफी हद तक कामयाब भी रही। साथ ही शहर के प्रमुख चौकों और व्यस्त स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस जवानों ने दिनभर यातायात व्यवस्था पर नजर रखी और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखा। बाजार में भीड़ बढ़ने के बावजूद पुलिस कर्मियों ने यातायात को सुचारु रखने के लिए लगातार प्रयास किए। इसके चलते वाहन चालकों को जाम में फंसने की परेशानी नहीं उठानी पड़ी। यातायात व्यवस्था बेहतर रहने का असर बाजार के कारोबार पर भी देखने को मिला। आमतौर पर त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होती है। साथ ही दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित होता है, लेकिन इस बार ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और दुकानदारों को भी किसी तरह की विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।