शिमला। राजधानी शिमला के चक्कर मार्ग पर ट्रक खराब होने से सुबह के समय वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इस दौरान सुबह के समय कर्मचारियों और स्कूल के विद्यार्थियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। ट्रक खराब होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही वनवे रही। पुलिस जवान मौके पर यातायात को दुरुस्त करवा रहे थे लेकिन इसके बावजूद वाहनों की अधिक संख्या के होने से मार्ग पर वाहनों की कतारें लगती रहीं। बालूगंज मार्ग पर भारी भूस्खलन होने और एडवांस्ड स्टडी मार्ग अवरुद्ध होने से चक्कर मार्ग से ही सभी वाहनों की आवाजाही हो रही है, लेकिन सुबह के समय पीक ऑवर्स में मार्ग पर ट्रक खराब होने से शिमला की ओर आने वाले सरकारी, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के अलावा स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को जाम से जूझना पड़ा। चक्कर-पुराना बस स्टैंड मार्ग पर जाम को देखते हुए कई लोग वाया टुटीकंडी होकर विकासनगर, मैहली और पंथाघाटी के लिए रवाना हुए। लिफ्ट, लक्कड़ बाजार और छोटा शिमला की ओर जाने वाले लोगों को जाम से जूझते हुए गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। ब्यूरो