रिकांगपिओ (किन्नौर)।
किन्नौर जिले के अंडर-19 छात्र-छात्रा खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने से पहले शुक्रवार को राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्पा में ट्रैक सूट और खेल किट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान दोनों वर्गों के लगभग 160 खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और किट प्रदान की गईं। इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करना और उनका मनोबल बढ़ाना है। कार्यक्रम में किन्फेड फेडरेशन के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला सहकारी बैंक के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, किन्फेड के उपाध्यक्ष राज नंद, उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुलदीप सिंह डोगरा, स्कूली क्रीड़ा संघ के सचिव पवन लॉक्टस और पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी विशेष रूप से मौजूद रहे। किन्नौर जिले के अंडर-19 खिलाड़ी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शिमला जिले के कुपवी में आयोजित होगी। वहीं, छात्राओं की मेजर खेल प्रतियोगिताएं सिरमौर जिले में और इंडोर खेल प्रतियोगिताएं हमीरपुर में आयोजित की जानी हैं। ट्रैक सूट और खेल किट मिलने से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। अब खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।